खरगोन 10 सितंबर : महेश्वर जनपद का लाडवी गांव में पीपल की छाव में लगाया मास्क का केंद्र ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। यह केंद्र राज्य आजीविका मिशन की करिश्मा खान और समुह की अन्य महिलाएं संचालित कर रही है।
लाडवी में जिस स्तर पर यह मास्क केंद्र बनाया, वह स्थान गांव के लिए बड़ा ही उपयुक्त भी है। करिश्मा ने पीपल की छाव व नजदीक ही हैंडपंप पाकर यहां मास्क केंद्र बनाना उचित समझा है। गांव से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का यहां से आना-जाना होता है। इस मास्क केंद्र से गुरूवार को 150 से अधिक लोगों ने मास्क खरीदें हैं और मास्क की किमत मात्र 10 रूपए है। दरअसल कोरोना संक्रमण से बचने के लिए निःसंदेह मास्क सबसे बड़ा साधन बन गया है।
खरगोन में कोविड-19 से बचाव के अंतर्गत मास्क की जागरूकता के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिले में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी के निर्देशन में आजीविका मिशन के स्व सहायता समुह द्वारा गांव-गांव ऐसे केंद्र स्थापित करने का मार्गदर्शन मिला है। उसी के अनुरूप महिलाओं ने न सिर्फ अपने केंद्र स्थापित किए, बल्कि लोगों में मास्क के प्रति जागरूकता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रंग ला रहे है।