शाजापुर। राष्ट्रीय खेल दिवस पर शाजापुर के मलखम्ब योग प्रशिक्षक योगेश मालवीय को भारत सरकार द्वारा वर्ष 2020 के लिए प्रशिक्षक के रूप में विशिष्ट उपलब्धियों पर द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया। राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्वारा खेलो की उपलब्धि पर खिलाडिय़ों एवं प्रशिक्षकों को खेल रत्न से पुरस्कृत किया गया। कोविड 19 संक्रमण के कारण यह पुरस्कार भोपाल में वीसी के माध्यम से दिया गया। इस दौरान प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण पंकज राग, संचालक खेल एवं युवा कल्याण पवन कुमार जैन तथा साई के क्षेत्रीय निदेशक राजिन्दरसिंह भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि योगेश अंतर्राष्ट्रीय मलखम्ब प्रशिक्षक हंै। वे इसके पूर्व 2012 में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा विश्वामित्र अवार्ड से भी सम्मानित हो चुके हैं। योगेश के प्रशिक्षण का परिणाम रहा है कि विगत वर्षों में मलखंब के क्षेत्र में शाजापुर के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।