सांवेर रोड पर शनिवार रात बड़ा हादसा हुआ।
इंदौर
लवकुश चौराहा से उज्जैन की तरफ जा रहे ट्राला (एमपी 09एचएच 3656) ने कई लोगों को चपेट में ले लिया। एक युवक-युवती को टक्कर मार दी और दूसरी (दाईं तरफ) लेन में चला गया। इसके बाद डिवाइडर तोड़ा और एक कैफे को तहस-नहस करते हुए आरपार निकल गया। हादसा संभवतः ब्रेक फेल होने के कारण हुआ है।
टीआइ राजेंद्र सोनी के मुताबिक हादसा रात करीब 10.30 बजे अरविंदो अस्पताल के ठीक सामने का है। अनियंत्रित ट्राले ने पहले सुखलिया निवासी 24 वर्षीय अवंतिका सिंह और सुनील यादव को टक्कर मारी। इसके बाद 90 डिग्री के एंगल से मुड़ा और करीब 12 फीट चौड़ा डिवाइडर लांघते हुए दाईं तरफ वाली लेन में चला गया। यहां उज्जैन की तरफ से आ रही कार (एमएच 01वायए 8971) को चपेट में लिया। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर मारने के बाद भी ट्राला नहीं रुका और दाईं तरफ सर्विस लेन किनारे बने कैफे (द टी हाउस) में घुस गया। कैफे का टीन शेड व दीवार तोड़ते हुए ट्राला पीछे की तरफ खेत में चला गया।
कैफे संचालक कंचन भदौरिया के मुताबिक घटना के वक्त कर्मचारी रोहित सहित अन्य मौजूद थे, लेकिन ट्राले को आते देख वह दूर हट गए। इसके कुछ देर पूर्व सात आठ ग्राहक मौजूद थे। टीआइ के मुताबिक युवती की हालत गंभीर है। घटना के बाद ट्राले का चालक फरार हो गया है।